Breaking
6 Jun 2026, Sat

भेल उपनगरी में तस्कर हाथी का आतंक, यूनियनों ने वन विभाग कार्यालय का किया घेराव

हरिद्वार:(चीफ एडिटर)पिछले कई दिनों से भेल उपनगरी में तस्कर हाथी के लगातार उत्पात से परेशान भेल निवासी और विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों ने आज हरिद्वार वन विभाग कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान हैवी इलेक्ट्रिकल वर्कर्स ट्रेड यूनियन, एबु हिप, सीएफएफपी, सीएफएफपी श्रमिक यूनियन, सेंट्रल फाउंड्री फोर्स वर्कर्स यूनियन समेत सैकड़ों पदाधिकारियों और नागरिकों ने उप प्रभागीय वन अधिकारी पूनम कैंथोला को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि यह तस्कर हाथी प्रतिदिन एक ही मार्ग से भेल उपनगरी में प्रवेश करता है और सेक्टर-1 स्थित एफ टाइप-2 आवास संख्या 5, 9, 11, ट्रेनिंग स्कूल, शिवडेल स्कूल, मेडिकल कॉलोनी और अन्य कई स्थानों की दीवारों को नुकसान पहुंचा चुका है। हाथी का मुख्य मार्ग मेडिकल कॉलोनी से होकर मस्जिद, सिंगल स्टोरी और पीठ बाजार होते हुए सेक्टर-1 के मध्य तक पहुंचता है। इस दौरान वह रास्ते में आने वाली हर रुकावट को ध्वस्त करता हुआ आगे बढ़ता है।

स्थानीय निवासियों ने भयभीत होकर बताया कि वे अब रात्रि में चैन से सो भी नहीं पा रहे हैं, क्योंकि कभी भी हाथी उनके घर को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे भारी जनहानि और संपत्ति की क्षति हो सकती है। पूर्व में भी इस हाथी द्वारा एक कर्मचारी सहित कई लोगों की जान ली जा चुकी है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

यूनियनों ने वन विभाग से मांग की कि हाथी को चिन्हित कर शीघ्र उपनगरी से दूर जंगल में विस्थापित किया जाए ताकि लोग भयमुक्त होकर सामान्य जीवन जी सकें। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्यवाही नहीं की गई, तो सभी यूनियनें और भेल कर्मचारी परिवारजन वन विभाग कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना देंगे।

इस प्रदर्शन में विकास सिंह, रवि कश्यप, कुमुद कुमार श्रीवास्तव, अतुल मिश्रा, सचिन चौहान, डी.के. दस, मोहित शर्मा, बलवीर सिंह रावत, नवीन गिरी, सत्येंद्र प्रताप सिंह, अरविंद कुमार, अशोक सिंह, राजकुमार प्रजापति, राम अवध यादव, संजय सिंह, सुमित गर्ग, धर्मेश गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *