
अहिल्याबाई होल्कर के 300वें जन्मोत्सव पर राजकीय अवकाश की माँग, मुख्यमंत्री धामी ने दिया आश्वासन
देहरादून , 29 मई 2025,भगवा सनातन टाइम्स


रानीपुर विधायक आदेश चौहान के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी बी.एच.ई.एल. रानीपुर से पाल समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल आज देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिला।


प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर जी के 300वें जन्मोत्सव के अवसर पर उत्तराखंड में एक दिन का राजकीय अवकाश घोषित करने तथा पाल समाज को प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (दायित्वधारी) के रूप में प्रतिनिधित्व देने का आग्रह किया।
विधायक आदेश चौहान ने मुख्यमंत्री को बताया कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर करोड़ों लोगों की आस्था की प्रतीक हैं और उनके जन्मोत्सव को पूरे देश में बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा संगठन के निर्देशानुसार इस अवसर पर पूरे भारत में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उत्तराखंड में भी 31 मई को विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। अतः प्रदेश में इस दिन राजकीय अवकाश घोषित किया जाना उचित रहेगा।
साथ ही, विधायक ने कहा कि पाल समाज ने भाजपा की मजबूती में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है और राष्ट्रहित में निरंतर समर्पित रहा है। उन्होंने सरकार में समाज को प्रतिनिधित्व देने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से भाजपा प्रदेश मंत्री (ओबीसी मोर्चा) मुनेश पाल, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद पाल (रावली महदूद), पूर्व मंडल महामंत्री राधेश्याम पाल (शिवालिकनगर), मंडल महामंत्री सुनील पाल (बहादराबाद) सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल रहे।

