देहरादून:(ज़ीशान मलिक)जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) नई टिहरी में 25 मई से 27 मई 2025 तक डीएलएड प्रशिक्षणार्थियों के लिए स्काउट गाइड से संबंधित तीन दिवसीय शुरुआती प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस शिविर में प्रतिभागियों को स्काउट एवं गाइड से जुड़ी बुनियादी जानकारी, नियम, नैतिक मूल्य एवं व्यवहारिक क्रियाकलापों से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम के संचालन में जिला आयुक्त स्काउट टिहरी गढ़वाल रमेश चंद्र रतूड़ी, जिला सचिव वी.पी. यादव तथा गाइड कैप्टन एवं एडवांस्ड प्रशिक्षण प्राप्त डॉक्टर संध्या पवार ने अहम भूमिका निभाई। तीनों अधिकारियों ने पूरे मनोयोग व समर्पण के साथ डीएलएड प्रशिक्षुओं को स्काउटिंग के महत्व, अनुशासन, टीम वर्क और सेवा भावना से संबंधित गतिविधियाँ कराईं।इस अवसर पर प्रतिभागियों ने शिविर के दौरान सीखी गई गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्काउट गाइड आंदोलन के प्रति जागरूकता एवं रुचि दिखाई। प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में भारत स्काउट एंड गाइड उत्तराखंड के स्टेट मीडिया कोऑर्डिनेटर का भी विशेष सहयोग रहा।
इस शिविर का उद्देश्य भावी शिक्षकों को स्काउट गाइड के मूल सिद्धांतों से जोड़ना और उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सेवा तथा राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना रहा।

