महाविद्यालय में अंतर संकाय प्रतियोगिता का सफल आयोजन
देहरादून मनन ढींगरा | दिनांक: 11-12 अप्रैल 2025
11 एवं 12 अप्रैल 2025 को महाविद्यालय में अंतर संकाय प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें कला, विज्ञान, वाणिज्य एवं गृह विज्ञान संकाय के छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस प्रतियोगिता की शुरुआत पोस्टर प्रतियोगिता से हुई, जिसका विषय “बालिका बचाओ” था। इस प्रतियोगिता में गृह विज्ञान संकाय की तानिया ने प्रथम स्थान, कला संकाय की सिमरन ने द्वितीय स्थान तथा वाणिज्य संकाय के अनिकेत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके उपरांत रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका विषय “धरती बचाओ” रहा। इस प्रतियोगिता में गृह विज्ञान संकाय की तानिया और पूजा ने प्रथम स्थान, वाणिज्य संकाय की पूजा और सोनिया ने द्वितीय स्थान तथा कला संकाय की अभिश्री एवं संजना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं की श्रृंखला में काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें कला संकाय के सूरज रतूड़ी ने प्रथम, गृह विज्ञान संकाय के नंदन सिंह ने द्वितीय तथा वाणिज्य संकाय के प्रिंस मंडल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन सभी प्रतियोगिताओं में निर्णायक मण्डल की भूमिका राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर के प्रो. डी.एस. मेहरा, प्रो. कुलदीप रावत एवं डॉ. मंजू भंडारी ने निभाई।
12 अप्रैल को प्रतियोगिता के दूसरे दिन भाषण प्रतियोगिता एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। भाषण प्रतियोगिता का विषय “कृत्रिम बुद्धिमत्ता: वरदान या अभिशाप” रहा। इसमें विज्ञान संकाय के उत्कर्ष कैन्तूरा एवं दिव्यांशु नेगी ने प्रथम स्थान, कला संकाय की तनीषा गुसाईं एवं आँचल चौहान ने द्वितीय स्थान तथा गृह विज्ञान संकाय की ऋतु पंवार व सुतीक्षा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मण्डल में राजकीय इंटर कॉलेज के सुरेंद्र सिंह कंसवाल, अनिता भण्डारी एवं हेमलता डबराल शामिल रहे।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का विषय “उत्तराखंड का सामान्य ज्ञान” था, जिसमें कला संकाय ने प्रथम, गृह विज्ञान संकाय ने द्वितीय तथा वाणिज्य संकाय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के समापन पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. महेंद्र सिंह पंवार ने निर्णायक मंडल एवं समस्त प्राध्यापकों का आभार व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए बधाई दी तथा भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने हेतु प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया।

