
देहरादून:(जीशान मलिक) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने खास तैयारी की है। राष्ट्रीय एकता दिवस (31 अक्टूबर) पर गुजरात के एकता नगर में प्रधानमंत्री की मौजूदगी में होने वाली ‘एकता परेड-2026’ का प्रदेश के सभी पुलिस थानों में सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस प्रसारण के जरिए पीएम के राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के संदेश को सुदूर पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर तराई के सीमांत इलाकों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिक, युवा, स्कूली छात्र-छात्राएं और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जिलों का दायित्व सौंपा गया है -ADG वी. मुरूगेशन – देहरादून, ADG ए.पी. अंशुमान – नैनीताल, IG विम्मी सचदेवा – हरिद्वार, IG रिधिम अग्रवाल – देहरादून, IG कृष्ण कुमार वीके – ऊधमसिंह नगर, IG नीलेश आनंद भरणे – पौड़ी गढ़वाल, IG राजीव स्वरूप – टिहरी गढ़वाल, IG अनन्त शंकर ताकवाले – अल्मोड़ा, IG सुनील कुमार मीणा – उत्तरकाशी, IG योगेन्द्र सिंह रावत – चम्पावत, IG बरिन्दरजीत सिंह – रुद्रप्रयाग, DIG धीरेन्द्र गुंज्याल – चमोली और DIG यशवन्त सिंह – पिथौरागढ़।
डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी सुबह पुलिस लाइन्स में आयोजित परेड में शामिल होकर पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद पुलिसकर्मियों के साथ सम्मेलन होगा।शाम 5:30 बजे सभी थानों में स्थानीय नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों और युवाओं के साथ एकता परेड का सीधा प्रसारण साझा किया जाएगा। इसके बाद जनसंवाद कार्यक्रम होगा, जिसमें साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी और नशे के दुष्प्रभावों के खिलाफ जागरूकता पर चर्चा की जाएगी।


