
हरिद्वार:(रागिब नसीम) उत्तराखंड शासन के निर्देश पर जनपद हरिद्वार में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम 22 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में इस अभियान के तहत जनपद के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 12 स्थानों पर बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे, जहां आमजन को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर दिया जाएगा।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों को रोस्टर जारी कर आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिविर में जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर निस्तारण किया जाए और अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाए।


शिविरों में इन विभागों की रहेगी सहभागिता राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, स्वास्थ्य, आयुष, शिक्षा, पेयजल, ऊर्जा, वन, पशुपालन, मत्स्य, उद्यान, आपदा प्रबंधन सहित कुल 22 विभाग स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पंजीकरण और प्रमाणपत्र वितरण करेंगे।

बहुउद्देशीय शिविरों का रोस्टर (समय प्रातः 11 बजे से)
– 22 सितंबर :विकासखंड बहादराबाद
– 24 सितंबर:विकासखंड भगवानपुर
– 26 सितंबर : नगर निगम हॉल, रुड़की
– 29 सितंबर:विकासखंड नारसन
– 01 अक्टूबर: विकासखंड लक्सर
– 03 अक्टूबर: विकासखंड खानपुर
– 06 अक्टूबर : नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर
– 08 अक्टूबर:नगर पंचायत इमलीखेड़ा / इब्राहिमपुर
– 09 अक्टूबर : नगर पालिका परिषद मंगलौर
– 13 अक्टूबर : नगर पंचायत पिरान कलियर
– 15 अक्टूबर :नगर पंचायत झबरेड़ा
– 17 अक्टूबर :अटल उत्कृष्ट कन्या इंटर कॉलेज, भगवानपुर
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों और नोडल अधिकारियों को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने और प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।

