पिरान कलियर:(ज़ीशान मलिक)दरगाह साबिर पाक की दुकानों का किराया बढ़ाए जाने के फैसले के विरोध में दुकानदारों ने दरगाह कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। नाराज व्यापारियों ने एकजुट होकर तहसीलदार और दरगाह प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा और बढ़े हुए किराया दरें तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की।
आपको बता दे कि दरअसल, दरगाह प्रबंधन द्वारा संचालित अलग-अलग मार्केट की दुकानों को पहले से तय लीज़ पर दिया गया है, और अब तक इन दुकानों के किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई थी। लेकिन 24 मार्च को दरगाह प्रबंधन द्वारा एक विज्ञप्ति जारी कर मार्केट के हिसाब से किराया बढ़ाने की घोषणा की गई, जिसक़ो 1 अप्रैल से लागू करने का निर्णय लिया गया है। इस घोषणा के बाद से ही व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया और वे दरगाह कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
इस दौरान व्यापारियों ने अपर तहसीलदार हरिहर उनियाल, दरगाह प्रबंधक रजिया, और लेखपाल अनुज यादव को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की आशीष कुमार मिश्रा के नाम ज्ञापन सौंपकर किराया वृद्धि को निरस्त करने की मांग की।
प्रशासन की प्रतिक्रिया-
इस मामले पर अपर तहसीलदार हरिहर उनियाल ने कहा कि दुकानदारों की शिकायत और ज्ञापन को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तक पहुंचाया जाएगा और उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा। वहीं, दरगाह प्रबंधक रजिया ने स्पष्ट किया कि यह फैसला उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार लिया गया है और इसके लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों की आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को अवगत कराया जाएगा।
व्यापारियों का कहना है कि कई वर्षों से किराया स्थिर था और अचानक हुई वृद्धि उनके लिए आर्थिक रूप से कठिनाई खड़ी कर सकती है। उन्होंने दरगाह प्रशासन से मांग की है कि इस निर्णय को वापस लिया जाए या किराया वृद्धि को तर्कसंगत रूप से तय किया जाए।
आगे की संभावनाएं-
व्यापारियों द्वारा किए गए विरोध को लेकर अब प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बढ़ गया है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की ओर से इस पर क्या निर्णय लिया जाएगा, यह देखना बाकी है। लेकिन यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो व्यापारी आगे भी विरोध प्रदर्शन जारी रखने की योजना बना सकते हैं।
स्थिति को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही प्रशासन और दरगाह प्रबंधन इस मुद्दे पर बैठक कर कोई ठोस समाधान निकालने की कोशिश करेंगे।
इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से अकरम साबरी, खालिद साबरी, शफीक साबरी, राशिद अली सभासद, डॉ. गुलशेर, डॉ. साजिद अली, लियाकत साबरी, राशिद रहीस, शाहिद, सनव्वर, सलमान, साकिर, शादाब, डॉ. शाहजाद, आदिल, कुर्बान, आमिर खान, गुड्डू साबरी, सलीम, इमरान, जाहिद खान, मुकर्रम आदि सैकड़ो दुकानदार शामिल थे।

