Breaking
2 Aug 2026, Sun

हरिद्वार पुलिस व्यवस्था हुई सुदृढ़: SSP नवनीत सिंह ने लक्सर-झबरेड़ा की 3 नई पुलिस चौकियों का किया लोकार्पण

हरिद्वार:(जीशान मलिक) जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने लक्सर क्षेत्र की बाजार चौकी, रायसी चौकी तथा झबरेड़ा क्षेत्र की लखनौता पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवनों का विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर लोकार्पण किया।अब तक ये तीनों चौकियां किराए एवं अस्थायी भवनों में संचालित हो रही थीं। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता के तहत पेयजल विभाग द्वारा लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्थायी भवनों का निर्माण कराया गया है। लोकार्पण के साथ ही तीनों चौकियों का स्टाफ आवश्यक संसाधनों सहित नए भवनों में स्थानांतरित हो गया।

पूजा-अर्चना के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने चौकी परिसरों का निरीक्षण कर अधिकारियों-कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित इन भवनों से कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी। पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और आमजन को अपनी समस्याएं बताने के लिए सुविधाजनक एवं भरोसेमंद माहौल मिलेगा।

एसएसपी ने कहा, “पुलिस का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवा उपलब्ध कराना है।”लोकार्पण के बाद एसएसपी ने रुड़की स्थित एसपी ग्रामीण कार्यालय के ऊपरी तल पर नव-निर्मित कक्षों का निरीक्षण कर उन्हें महिला हेल्पलाइन तथा साइबर क्राइम सेल के लिए आवंटित किया। उन्होंने अधिकारियों को महिलाओं एवं साइबर अपराध से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, लक्सर, रुड़की एवं भगवानपुर के सभी क्षेत्राधिकारी, देहात क्षेत्र के थाना प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *