Breaking
5 Jun 2026, Fri

मेलाधिकारी सोनिका की पहल: हरित हरिद्वार अभियान से बढ़ेगा कुंभ नगरी का ग्रीन कवर

हरिद्वार:(जीशान मलिक) आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच हरिद्वार को हरा-भरा बनाने के लिए मेला प्रशासन विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘हरित हरिद्वार’ अभियान चलाएगा। मेलाधिकारी सोनिका की पहल पर मेला अधिष्ठान, जिला प्रशासन और एचआरडीए के संयुक्त तत्वावधान में कुंभ नगरी में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम होगा।अभियान में सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों को जोड़ा गया है। शहर की प्रमुख सड़कों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों, घाटों और कुंभ मेला क्षेत्र के परिसरों में बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जाएंगे। लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल के लिए भी कार्ययोजना तैयार की गई है।मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण के बीच वृक्षारोपण बेहद जरूरी है। हरिद्वार करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, ऐसे में इसका पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने हर व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

सोनिका ने बताया कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित अवसंरचना को प्राथमिकता दी जा रही है। ‘हरित हरिद्वार’ अभियान को दीर्घकालिक स्वरूप दिया जा रहा है, ताकि हरित क्षेत्र बढ़ने के साथ पर्यावरणीय जागरूकता भी बढ़े। कुंभ को स्वच्छ, सुंदर और टिकाऊ बनाने के लिए हरित क्षेत्रों का विस्तार जरूरी है।मेला प्रशासन और विभाग पिछले कुछ समय से स्वच्छता अभियान, हरित पट्टियों के विकास, पार्कों के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम चला रहे हैं। इन प्रयासों को नागरिकों का व्यापक सहयोग मिल रहा है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *