Breaking
6 Jun 2026, Sat

खानपुर में ‘ऑपरेशन प्रहार’ का वार: कच्ची शराब की भट्टी ध्वस्त, 100 लीटर लाहन नष्ट, 2 तस्कर गिरफ्तार

हरिद्वार:(जीशान मलिक) SSP नवनीत सिंह के निर्देश पर अवैध शराब और आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत खानपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर लालचंद वाला गांव में अवैध रूप से चल रही कच्ची शराब की भट्टी का भंडाफोड़ किया। मौके से 2 शराब तस्करों को गिरफ्तार कर 10 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि करीब 100 लीटर लाहन और भट्टी को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। बीती 28 मई को कोतवाली खानपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लालचंद वाला क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब की भट्टी धधक रही है। वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय पूनिया के नेतृत्व में टीम ने तुरंत दबिश दी। पुलिस को देखते ही मौके पर हड़कंप मच गया। 

पुलिस टीम ने मौके से बीरमपाल पुत्र कुरड़ी निवासी खानपुर को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 5 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। साथ ही मौके पर चल रही भट्टी और करीब 100 लीटर लाहन को पुलिस ने नष्ट कर दिया।इसी दौरान पुलिस ने अलग कार्रवाई में ओमपाल पुत्र खजान निवासी लालचंद वाला को भी 5 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। ओमपाल के खिलाफ मु0अ0स0- 150/2026 और बीरमपाल के खिलाफ मु0अ0स0- 151/2026 दर्ज किया गया है। दोनों से पूछताछ कर नेटवर्क के बाकी लोगों की तलाश की जा रही है।SSP नवनीत सिंह ने साफ कहा है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कच्ची शराब माफिया को जड़ से खत्म किया जाएगा। “हरिद्वार में एक भी अवैध भट्टी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां भी सूचना मिलेगी, तुरंत कार्रवाई होगी।”

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय पूनिया, हे0का0 जयपाल सिंह, का0 अशोक, का0 बलवीर, का0 महावीर और हो0गा0 प्रवीण कुमार शामिल रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *