हरिद्वार:(जीशान मलिक)धर्मनगरी हरिद्वार के प्रेस क्लब सभागार में शुक्रवार को “देश जनहित” राष्ट्रीय हिंदी पत्रिका का भव्य विमोचन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संपादक दीपक राजपूत ने बड़ा ऐलान करते हुए ‘जनहित टीम’ से जुड़े प्रत्येक पत्रकार का 5-5 लाख रुपये का बीमा कराने की घोषणा की। इस घोषणा का सभागार में मौजूद सभी अतिथियों और पत्रकारों ने तालियों से स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग, एसडीएम जितेंद्र कुमार, जिला सूचना अधिकारी रति लाल शाह और प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों ने पत्रिका का विमोचन कर इसे जनमानस को समर्पित किया।
समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में सूचनाएं तो तेजी से फैलती हैं, लेकिन भ्रामक खबरों का प्रसार भी बड़ी चुनौती है। जिला सूचना अधिकारी रतिलाल शाह ने कहा कि अपुष्ट खबरें समाज में अराजकता पैदा कर सकती हैं। इसलिए पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि पुष्टि के बाद ही खबर प्रकाशित करें। उन्होंने ‘देश जनहित’ को सकारात्मक पहल बताया।
एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में भी प्रिंट मीडिया की अपनी विश्वसनीयता और गरिमा है, जिसे बनाए रखना जरूरी है। उन्हें उम्मीद है कि यह पत्रिका निष्पक्ष और तथ्यात्मक पत्रकारिता को आगे बढ़ाएगी। एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में पत्रिका का विमोचन होना बड़ी बात है। उन्होंने सुझाव दिया कि पत्रिका में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों पर जागरूकता लेख प्रकाशित किए जाएं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय सही और त्वरित जानकारी पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अहम होती है। उन्होंने पत्रिका में आपदा प्रबंधन से जुड़े लेख शामिल करने का आग्रह किया।शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और सकारात्मक बदलाव लाने में इसकी अहम भूमिका है। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि हरिद्वार की पत्रकारिता का इतिहास गौरवशाली रहा है और यहां के पत्रकार हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हैं।
एसडीएम जितेंद्र कुमार ने कहा कि मीडिया और प्रशासन के बीच समन्वय जरूरी है। सकारात्मक पत्रकारिता से समाज में विकास और पारदर्शिता बढ़ती है। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने कहा कि पत्रकार और पुलिस दोनों समाज सेवा में जुटे हैं। सही खबरों का प्रसार शांति-व्यवस्था बनाए रखने में मदद करता है। उन्होंने तथ्यों पर आधारित जिम्मेदार पत्रकारिता की अपील की।कार्यक्रम के अंत में संपादक दीपक राजपूत ने सभी अतिथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ‘देश जनहित’ पत्रिका का उद्देश्य समाज के हर वर्ग की आवाज बनना और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार बाल कृष्ण शास्त्री, श्रवण झा, रतन मणि डोभाल, अरुण कश्यप, मुदित अग्रवाल, मुस्कान राजपूत, कल्पना राजपूत, निर्मल दास महाराज, जोगेंद्र मावी, दिशा शर्मा, रश्मि कश्यप, राहुल शर्मा, लक्ष्मण कश्यप, अनिल कुमार, बसंत कुमार, बलराम कश्यप, महावीर नेगी, विनोद कश्यप, विपिन कश्यप, रोहित कश्यप, मनोज कश्यप, मोहित प्रधान, शिवा अग्रवाल, जहांगीर अली, संजय पुंडीर, सुमित सैनी, सुमित यशकल्याण, सचिन सैनी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेश के साथ हुआ।

