चमोली:(ज़ीशान मलिक)आगामी चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने चमोली जिले में यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। भ्रमण के दूसरे दिन उन्होंने ज्योतिर्मठ से माणा तक यात्रा रूट, पुलिस चौकियों और संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया।
एडीजी ने मंदिर परिसर, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली और निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। कोतवाली ज्योतिर्मठ और बद्रीनाथ का निरीक्षण कर कार्मिकों को उच्च मानकों के साथ काम करने, यात्रियों से सौम्य व्यवहार रखने और आपदा उपकरणों को हर समय तैयार रखने को कहा।यात्रियों की सुविधा के लिए पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और मार्ग पर संभावित अवरोधों के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय के निर्देश दिए।गोविन्दघाट में गुरुद्वारा प्रबंधन के साथ बैठक कर हेमकुण्ड साहिब यात्रा की तैयारियों पर चर्चा हुई। पैदल मार्ग की सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया।एडीजी ने स्थानीय व्यापार मंडल, जनप्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों के साथ बैठक की। ईंधन आपूर्ति, पार्किंग, स्लाइडिंग जोन और यातायात दबाव जैसी समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
एडीजी अंशुमान ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और आपदा प्रबंधन पर समन्वित कार्रवाई हो ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिले।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार सहित बीकेटीसी, बीआरओ, आईटीबीपी के अधिकारी और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

