रुड़की:(ज़ीशान मलिक)कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का खुलासा हुआ है। ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने चाउमंडी स्थित पल्स मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप, ट्रामाडोल व अल्प्राजोलाम बरामद किए हैं।
मामले में स्टोर संचालक शुभम कुमार सैनी (27 वर्ष) निवासी ग्राम हद्दीवाला, थाना कलियर को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। ड्रग निरीक्षक हरीश सिंह व वरिष्ठ औषधि निरीक्षक अनिता भारती को सूचना मिली थी कि पल्स मेडिकल स्टोर में मेडिकल लाइसेंस की आड़ में नशीली दवाओं का अवैध भंडारण और बिक्री की जा रही है।
जांच में पता चला कि मेडिकल स्टोर के लाइसेंस में केवल भूतल का नक्शा दर्ज है, जबकि प्रथम और द्वितीय तल पर भी दवाओं का भंडारण किया गया था। तलाशी के दौरान गत्ते के डिब्बों में डायपर के नीचे छिपाकर नशीली दवाएं रखी मिलीं।
बरामद दवाओं में कोडीन फॉस्फेट युक्त सिरप – 2660 मिलीलीटर, ट्रामाडोल एचसीएल टैबलेट्स – लगभग 142.73 ग्राम, ट्रामाडोल इंजेक्शन – 16 मिलीलीटर, अल्प्राजोलाम टैबलेट्स – लगभग 11.21 ग्राम शामिल हैं।
संचालक ने कबूला अपराध और बताया कि लालच में आकर वह प्रतिबंधित दवाएं खरीदकर बेच रहा था। पुलिस ने उसे धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। बरामद दवाओं को सील कर कब्जे में लिया गया तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी की गई।
पुलिस के अनुसार मामले में सप्लाई चेन से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। क्षेत्र में इस कार्रवाई को नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है।इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम देकर एक बड़ा संदेश दिया है कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

