Site icon Bhagwa Sanatan Times

₹25 हजार का इनामी गांजा तस्कर गाजियाबाद से गिरफ्तार, करीब एक साल से चल रहा था फरार

हरिद्वार। नशा तस्करी के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमजद सिद्दिकी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब एक साल से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के लोनी स्थित अंकुर विहार थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार एवं नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2025 को एएनटीएफ हरिद्वार की टीम ने बेड़पुर स्थित शाहजी पीर तिराहे के पास साबिर हुसैन को 21 किलो अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में साबिर ने बताया कि गांजा अमजद सिद्दिकी से लेकर आया था और इसे कलियर क्षेत्र में एक महिला को दिया जाना था। इस मामले में थाना कलियर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले में महिला आरोपी और साबिर हुसैन के खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया गया था, जबकि अमजद लगातार फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने गाजियाबाद में कई बार दबिश दी, लेकिन वह पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहा था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।

पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी की तलाश करते हुए 7 नवंबर 2026 को लोनी के अंकुर विहार क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, इसरार अली, माजिद खान और सीआईयू टीम रुड़की के कांस्टेबल महिपाल सिंह शामिल रहे।हरिद्वार पुलिस के अनुसार, नशा तस्करी और फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version