Site icon Bhagwa Sanatan Times

हरिद्वार में SIR शुरू: आज से घर-घर पहुंचे BLO, बांटे जा रहे गणना फार्म; 7 जुलाई तक चलेगा अभियान

हरिद्वार:(जीशान मलिक)भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत सोमवार से हरिद्वार जनपद में मतदाताओं को गणना फार्म बांटने का कार्य शुरू हो गया है। बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध करा रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी मतदाताओं से BLO और बूथ लेवल एजेंट्स को सहयोग करने की अपील की है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी 1715 बीएलओ के पास गणना फार्म पहुंचा दिए गए हैं। इस अभियान के तहत हरिद्वार के सभी मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। आगामी 7 जुलाई तक एक माह की अवधि में बीएलओ द्वारा मतदाताओं से भरे हुए गणना फार्मों को बीएलओ एप्प के माध्यम से डिजिटिलाइज किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि ऐसे मतदाता जो नौकरी या अन्य पेशे से जुड़े होने के कारण दिन में घर पर उपलब्ध नहीं हैं, वे “बुक ए कॉल विद BLO” फीचर का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए मतदाता एक क्लिक पर अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक करा सकते हैं।मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर विजिट करके या ECI-Net मोबाइल ऐप डाउनलोड कर अपनी कॉल बुक करा सकते हैं। कॉल बुक कराने के बाद दो दिन के भीतर बीएलओ द्वारा मतदाता से स्वयं संपर्क किया जाएगा।जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बीएलओ के क्षेत्र भ्रमण के दौरान यदि कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो ऐसी स्थिति में बीएलओ तीन बार घर पर विजिट करेंगे। बीएलओ घर पर स्टीकर लगाकर अपने अगले विजिट की तारीख और मोबाइल नंबर लिखेंगे। मतदाता बीएलओ से संपर्क कर सुविधानुसार गणना फार्म भर सकते हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराएं। इससे फॉर्म भरने की प्रक्रिया में तेजी आएगी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में मदद मिलेगी।

Exit mobile version