हरिद्वार:(जीशान मलिक) आयुक्त गढ़वाल मण्डल आनंद स्वरूप ने शुक्रवार को विधानसभा संख्या-35 हरिद्वार ग्रामीण के मतदेय स्थल संख्या 32, 33 और 34 का भ्रमण कर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी, तहसीलदार हरिद्वार, संबंधित बीएलओ और स्थानीय मतदाताओं से बात कर गणना प्रपत्र के वितरण व संग्रहण की स्थिति जानी।
“मतदेय स्थलों की स्थिति”
1. मतदेय स्थल 32:बीएलओ विनीता शर्मा ने बताया कि 1118 मतदाताओं को फार्म दिए गए, जिनमें से 330 फार्म अभी प्राप्त नहीं हुए हैं। इसमें चंडीपुल के पास झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र भी शामिल है।
2. मतदेय स्थल 33: बीएलओ मनोरमा के अनुसार 1020 में से 195 फार्म अभी बाकी हैं। यहां भी चंडीपुल क्षेत्र के झुग्गी-झोपड़ी वाले मतदाता हैं।
3. मतदेय स्थल 34: कुष्ठ आश्रम स्थित इस बूथ पर बीएलओ हेमा जोशी ने बताया कि 286 में से 104 फार्म अभी प्राप्त नहीं हो सके हैं।
आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों और बीएलओ को निर्देश दिए कि हर पात्र मतदाता तक पहुंचकर गणना प्रपत्र समय पर एकत्रित किए जाएं। उन्होंने कहा कि शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है। बीएलओ को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर शेष मतदाताओं से संपर्क करने और काम समयसीमा में पूरा करने को कहा। उन्होंने मतदाताओं से भी अपील की कि SIR कार्य में बीएलओ का पूरा सहयोग करें।
निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेन्द्र कुमार, तहसीलदार सचिन कुमार, बीएलओ और स्थानीय मतदाता मौजूद रहे।

