
देहरादून:(जीशान मलिक) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर के प्रथम चरण के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 14 जुलाई 2026 को कर दिया गया है।अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने मंगलवार को मीडिया सेंटर में प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसआईआर के प्रथम चरण में प्रदेश में कुल 71,33,785 मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल किए गए हैं।
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि उत्तराखण्ड में 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानकर एसआईआर प्रक्रिया चल रही है। 8 जून से 7 जुलाई तक गणना पत्रों का वितरण और डिजिटाइजेशन पूरा किया गया। प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या 11733 से बढ़कर 12543 हो गई है।उन्होंने बताया कि मतदाताओं को 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक फार्म 6, 7 और 8 के माध्यम से दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया है। 14 जुलाई से 11 सितंबर तक नोटिस जारी कर दावे-आपत्तियों का निस्तारण होगा। अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ड्राफ्ट सूची में शामिल करीब 19 लाख मतदाताओं में विभिन्न विसंगतियां मिली हैं। इनके लिए संबंधित ईआरओ/एईआरओ द्वारा नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके लिए न्याय पंचायत स्तर पर क्लस्टर कैंप और मैदानी क्षेत्रों में तहसील, नगर निगम, नगर पंचायत व वार्ड स्तर पर कैंप लगाए जाएंगे।
जिन नागरिकों का नाम सूची में नहीं है वे फार्म 6 के जरिए ऑफलाइन बीएलओ से या ऑनलाइन ईसीआईनेट ऐप से आवेदन कर सकते हैं। नाम हटवाने और संशोधन के लिए फार्म 7 और 8 का प्रयोग होगा। फार्म 6 और 8 के साथ एनेक्चर-4 भरना अनिवार्य है।मान्य दस्तावेज:पहचान पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, मैट्रिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, भूमि आवंटन पत्र, आधार आदि।

