हरिद्वार:(जीशान मलिक)बहादराबाद क्षेत्र के चर्चित राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस शुरुआत में इसे ब्लाइंड मर्डर मान रही थी, लेकिन जांच में रिश्तों के कत्ल की खौफनाक कहानी सामने आई।
हत्या की वजह प्रेम प्रसंग निकली। मुख्य आरोपी पंकज मृतक राजवीर की शादीशुदा बेटी से शादी करना चाहता था। पिता राजवीर के लगातार विरोध से नाराज होकर पंकज ने अपने साथी छोटे लाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।
26 अप्रैल की शाम दोनों आरोपियों ने राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बोंगला अंडरपास के पास बुलाया। नशा होने के बाद उसे खेत में ले जाकर हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या कर दी।और दोनों आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने एक संदिग्ध मोबाइल नंबर और डिजिटल सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। मुख्य आरोपी पंकज को अस्पताल के बाहर से दबोचा गया। सख्ती से पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया और साथी छोटे लाल का नाम भी बताया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा, खून से सने कपड़े, बाइक और मृतक का मोबाइल व पर्स बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

