हरिद्वार में सनसनीखेज वारदात : एसीएमओ ड्राइवर ने लिव-इन पार्टनर की हत्या कर किया सरेंडर
हरिद्वार,कुलदीप राणा
रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एसीएमओ के ड्राइवर मुकेश पुजारी ने अपनी लिव-इन पार्टनर पिंकी की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, भभूतावाला बाग निवासी मुकेश करीब 11 वर्षों से शिवलोक कॉलोनी निवासी पिंकी के साथ रह रहा था। पिंकी ब्यूटी पार्लर चलाती थी। दोनों की एक आठ साल की बेटी भी है, जबकि मुकेश की पहली पत्नी से उसके दो जवान बेटे हैं।
सूत्रों का कहना है कि मुकेश आधी रात पिंकी के घर पहुंचा और लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह सीधे रानीपुर कोतवाली पहुंचा और सरेंडर कर दिया।
एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि शुरुआती जांच में शक के चलते हत्या की आशंका सामने आई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

