Site icon Bhagwa Sanatan Times

विश्व मानव तस्करी दिवस पर बाल सुरक्षा यात्रा का आयोजन, समाज में जागरूकता फैलाने का प्रयास

विश्व मानव तस्करी दिवस पर बाल सुरक्षा यात्रा का आयोजन, समाज में जागरूकता फैलाने का प्रयास

हरिद्वार ,हर्ष सैनी

उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार और जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के आदेशानुसार विश्व मानव तस्करी दिवस के अवसर पर बाल तस्करी की रोकथाम और बच्चों की सुरक्षा को लेकर नवोदय नगर चौक से ग्राम आनेकी तक बाल सुरक्षा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र दत्त ने हरी झंडी दिखाकर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने कहा कि वर्तमान समय में मानव तस्करी एक गंभीर अपराध के रूप में उभर रहा है। यह न केवल अंगों की अवैध बिक्री के लिए की जाती है, बल्कि बंधुआ मजदूरी, बाल श्रम और बच्चों से भीख मंगवाने जैसे जघन्य अपराधों के लिए भी मानव तस्करी की जा रही है। ऐसे अपराधों को रोकने के लिए सशक्त कानून के साथ-साथ समाज को जागरूक होना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से यह यात्रा आयोजित की गई।

इस यात्रा में प्रभारी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, हरिद्वार पुलिस, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, उप श्रम आयुक्त रोशनाबाद, विभिन्न विद्यालयों जैसे ऑक्सफोर्ड स्कूल, पुलिस मॉडर्न स्कूल, सेंट थॉमस स्कूल सहित कई संस्थानों ने सक्रिय सहयोग किया।

यात्रा के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता संदेश दिए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वालंटियर्स और विधि प्रशिक्षुओं ने भी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। जिला चिकित्साधिकारी की ओर से आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों की टीम और एम्बुलेंस भी यात्रा के साथ मौजूद रही।

कार्यक्रम के अंत में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और सिविल जज (एसडी) सिमरनजीत कौर ने सभी अधिकारियों, शिक्षकों और छात्रों का आभार जताते हुए कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के असहाय, गरीब और शोषित वर्ग को न्याय दिलाने के साथ-साथ अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए भी लगातार प्रयासरत है।

Exit mobile version