Site icon Bhagwa Sanatan Times

विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर निकाली गई विधिक जागरूकता रैली, वन स्टॉप सेंटर में हेल्प डेस्क शुरू

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार ने शिक्षा, पुलिस, परिवहन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जनपद स्तर पर एक व्यापक विधिक जागरूकता रैली का आयोजन किया।यह कार्यक्रम उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशन और जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार नरेंद्र दत्त के आदेश पर आयोजित किया गया।

रैली का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव/सिविल जज सीनियर डिवीजन सिमरनजीत कौर और दिल्ली पब्लिक स्कूल, रानीपुर बीएचईएल के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जगगा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली दिल्ली पब्लिक स्कूल से शुरू होकर स्वर्ण जयंती पार्क, सेक्टर 4 पीठ बाजार होते हुए सड़क मार्ग से वापस डीपीएस में समाप्त हुई।इस मौके पर सिमरनजीत कौर ने कहा कि रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में मानव तस्करी के शिकार पीड़ितों की दुर्दशा के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखना और उनके विधिक व संवैधानिक अधिकारों को सुरक्षित करना है। उन्होंने कहा कि देश आजाद होने के बाद भी यह सामाजिक बुराई आज भी प्रचलित है। इसके निदान के लिए आमजन को जागरूक और संवेदनशील होना जरूरी है।

डॉ. अनुपम जगगा ने कहा कि ऐसे अभियान और रैलियों से बच्चों और आम जनता को मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के प्रति जागरूक कर बचाया जा सकता है।रैली में परिवहन विभाग से अरुणा सैनी व उनकी टीम, पुलिसकर्मी, सीडब्ल्यूसी की सदस्य, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, डीपीएस, शिवडेल पब्लिक स्कूल जगजीतपुर कनखल और पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद के छात्र-छात्राएं व अध्यापक शामिल हुए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के एलएडीसी अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता, अधिकार मित्र और समस्त स्टाफ भी मौजूद रहे।

रैली के बाद सचिव सिमरनजीत कौर ने वन स्टॉप सेंटर बहादराबाद का निरीक्षण किया। वहां जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्थापित विधिक सहायता हेल्प डेस्क का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। केंद्र पर एक पैनल अधिवक्ता और एक अधिकार मित्र की ड्यूटी भी लगाई गई। कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित फोरम में पत्राचार करने का परामर्श दिया गया।इसके बाद उन्होंने गैस प्लांट पुलिस चौकी, थाना रानीपुर में स्थापित लीगल एड क्लिनिक का औचक निरीक्षण किया और पैनल अधिवक्ता व अधिकार मित्र को उचित कार्यवाही के निर्देश दिए।दिन के अंत में जिला न्यायालय सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की मासिक बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता नरेंद्र दत्त ने की। बैठक में जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सीएमओ, जिला शासकीय अधिवक्ता सिविल, फौजदारी, रेवेन्यू और जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शामिल हुए।बैठक में प्राधिकरण की मासिक विधिक गतिविधियों की समीक्षा की गई और अगले माह की रूपरेखा तैयार की गई। पीड़ित प्रतिकर योजना और अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी के तहत लाभार्थियों को लाभ दिलाने पर भी चर्चा हुई। बैठक का संचालन सचिव सिमरनजीत कौर ने किया।

Exit mobile version