Site icon Bhagwa Sanatan Times

वनाग्नि प्रबंधन पर तीन दिवसीय बहु-विभागीय प्रशिक्षण शुरू

देहरादून:(चीफ एडिटर)चकराता वन प्रभाग द्वारा केंद्रीय राज्य वन सेवा अकादमी (CASFOS), देहरादून के सहयोग से “वनाग्नि संरक्षण” विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 04 से 06 फरवरी 2026 तक किया जा रहा है। कार्यक्रम में राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), अग्निशमन सेवा, राजस्व विभाग एवं वन विभाग के कुल 30 अधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिभाग कर रहे हैं।

इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य वन संरक्षक (वनाग्नि), उत्तराखंड वन विभाग, सुशांत पट्टनायक द्वारा किया गया। उद्घाटन सत्र में उन्होंने वनाग्नि को राज्य के लिए एक गंभीर पर्यावरणीय एवं आपदा प्रबंधन चुनौती बताते हुए विभिन्न विभागों के बीच त्वरित, समन्वित और संगठित प्रतिक्रिया तंत्र विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य वनाग्नि जैसी आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय, साझा समझ और संयुक्त कार्यप्रणाली को मजबूत करना है। प्रशिक्षण सत्रों में उत्तराखंड के वन प्रकार, वनाग्नि की स्थिति एवं व्यवहार, आग के प्रकार और ईंधन, रोकथाम एवं न्यूनीकरण तकनीकें, अग्नि सुरक्षा उपाय, आधुनिक अग्निशमन उपकरणों का प्रदर्शन तथा मैदानी भ्रमण के माध्यम से फायर लाइन निर्माण और नियंत्रण उपायों पर व्याख्यान एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

चकराता वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी वैभव कुमार सिंह, भा.व.से., ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम मैदानी स्तर पर विभागों के बीच आपसी समन्वय को सुदृढ़ करते हैं और वन संरक्षण के साथ-साथ जनसुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।

Exit mobile version