Site icon Bhagwa Sanatan Times

उत्तराखण्ड में बड़े स्तर पर चलेंगे आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम

देहरादून:(जीशान मलिक) राज्य में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान (एनआईडीएम) के सहयोग से आपदा प्रबंधन के प्रशिक्षण और क्षमता विकास कार्यक्रम बड़े स्तर पर चलाए जाएंगे। इसके तहत राज्य से लेकर जिला स्तर तक अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न विभागों के कार्मिकों को आपदा प्रबंधन, जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व तैयारी, खोज-बचाव और आपातकालीन प्रतिक्रिया का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए वार्षिक प्रशिक्षण कैलेंडर तैयार किया जाएगा।एनआईडीएम के कार्यकारी निदेशक और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी मधूप व्यास ने शनिवार को उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) का भ्रमण किया। उन्होंने यूएसडीएमए अधिकारियों के साथ प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी ली और वार्षिक कैलेंडर पर चर्चा की। इस दौरान सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने यूएसडीएमए के कार्यों की जानकारी दी।

मधूप व्यास ने कहा कि उत्तराखण्ड भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील राज्य है, जहां भूकंप, भूस्खलन, बाढ़, अतिवृष्टि, बादल फटना, हिमस्खलन और वनाग्नि जैसी आपदाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में आपदा के दौरान प्रभावी प्रतिक्रिया के साथ-साथ पहले से तैयारी को मजबूत करना जरूरी है।आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को उनकी भूमिका के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि आपदा के समय सभी विभाग समन्वय के साथ काम कर सकें।

पहले चरण में प्रत्येक जिले में 10 मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे। इन ट्रेनरों को आपदा प्रबंधन के विभिन्न विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद ये अपने-अपने जिलों में विभागों और हितधारकों को प्रशिक्षण देंगे। राज्य स्तर पर भी मास्टर ट्रेनरों का एक समूह तैयार किया जाएगा।बैठक में प्रशिक्षण के साथ-साथ मॉक ड्रिल और व्यावहारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम विभागीय जरूरतों और स्थानीय जोखिमों के अनुसार तैयार किए जाएंगे।

बैठक में एसीईओ प्रशासन प्रकाश चंद्र, एसीईओ क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, जेसीईओ दिनेश कुमार पुनेठा, एसडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट शुभांक रतूड़ी, डॉ. पीडी माथुर, मोहित पूनिया आदि मौजूद रहे।

Exit mobile version