
चमोली:(जीशान मलिक) पंचकेदार में चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ के पैदल ट्रैक पर आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सगर गांव से लगभग 4 किलोमीटर आगे एक ट्रेकर के फिसलकर 150 मीटर गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई।DCR चमोली के माध्यम से आज प्रातः SDRF पोस्ट गौचर को सूचना मिली कि रुद्रनाथ ट्रैक पर एक व्यक्ति पहाड़ी से नीचे गिर गया है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक मनोहर कन्याल के नेतृत्व में SDRF टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
टीम ने कठिन परिस्थितियों में सर्च और रेस्क्यू अभियान चलाते हुए लगभग 150 मीटर गहरी खाई से व्यक्ति का शव बरामद किया। SDRF ने शव को सुरक्षित रेस्क्यू कर रोड हेड तक पहुंचाया और आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।मृतक की पहचान अशोक पुत्र श्रीकांत, उम्र 36 वर्ष, निवासी मद्रास (चेन्नई) के रूप में हुई है।

