देहरादून/उत्तरकाशी:(जीशान मलिक) जनपद उत्तरकाशी के गंगोरी क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अनियंत्रित होकर एक मैक्स वाहन सड़क से करीब 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल SDRF की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।SDRF पोस्ट उजैली से हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पता चला कि वाहन बेहद दुर्गम और खड़ी ढलान वाली खाई में फंसा हुआ है।
बिना समय गंवाए जवान खाई में उतरे और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान SDRF के आरक्षी कृष्ण पाल और जसविंदर सिंह ने अदम्य साहस दिखाया। दुर्गम ढलान पर घायल व्यक्ति को अपनी पीठ पर उठाकर उन्होंने उसे सुरक्षित सड़क तक पहुंचाया।घायल की पहचान प्रेमलाल, 55 वर्ष, निवासी गंगोरी, उत्तरकाशी के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे 108 एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया है।
SDRF ने बताया कि खड़ी ढलान और दुर्गम इलाके की वजह से रेस्क्यू में काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन समय पर पहुंचकर जवानों ने एक जान बचा ली।स्थानीय लोगों ने SDRF टीम की तत्परता और बहादुरी की सराहना की है।

