
हरिद्वार:(जीशान मलिक) जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के आदेश पर जनपद में राजस्व कार्यों के सुचारू संचालन और जनहित को ध्यान में रखते हुए तहसील रुड़की एवं भगवानपुर में तीन राजस्व निरीक्षकों को अस्थायी नायब तहसीलदार का दायित्व सौंपा गया है।अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता ने बताया कि उत्तराखण्ड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक (नायब तहसीलदार) सेवा नियमावली, 2009 के तहत वरिष्ठता एवं तीन वर्ष की सेवा पूर्ण करने की अर्हता के आधार पर यह तैनाती की गई है।
आदेश के अनुसार लेखचन्द गुप्ता, राजस्व निरीक्षक तहसील भगवानपुर को तहसील रुड़की, सुशील कुमार, राजस्व निरीक्षक तहसील रुड़की को तहसील रुड़की तथा ओमप्रकाश, राजस्व निरीक्षक तहसील रुड़की को तहसील भगवानपुर में अस्थायी नायब तहसीलदार के पद पर तैनात किया गया है।
इन तीनों कार्मिकों की तैनाती 04 नवंबर 2026 से 42 दिनों की अवधि के लिए की गई है। पूर्व में निर्धारित 42 दिनों की अवधि पूर्ण होने के बाद स्थानीय व्यवस्था में एक दिन का व्यवधान रखते हुए पुनः तैनाती की गई है।इस व्यवस्था का उद्देश्य तहसीलों में राजस्व संबंधी कार्यों का प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना तथा आमजन को राजस्व सेवाओं का लाभ सुचारू रूप से उपलब्ध कराना है।

