
हरिद्वार:(जीशान मलिक) शारदीय नवरात्र की अष्टमी और नवमी पर सोमवार को रूड़की ओर आसपास के ग्रामीण इलाकों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। सुबह से ही घरों से लेकर मंदिरों तक कन्या पूजन की धूम रही।
श्रद्धालुओं ने कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर पूजन किया। कन्याओं के चरण धोकर तिलक लगाया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद हलवा, पूरी, चने का भोग लगाकर कन्याओं को भोजन कराया गया और दक्षिणा, चुनरी व उपहार भेंट कर आशीर्वाद लिया।कई स्थानों पर कन्या पूजन के साथ-साथ भैरव स्वरूप माने जाने वाले बालकों को भी भोजन कराया गया। मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही और भक्तों ने मां दुर्गा से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
