देहरादून:(जीशान मलिक) भारत मौसम विभाग ने उत्तराखंड के 11 जिलों में अगले 24 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 01 जून दोपहर 12:02 बजे से 02 जून दोपहर 12:02 बजे तक राज्य के कई इलाकों में बिजली कड़कने के साथ आंधी, तेज से बहुत तेज बारिश और तूफानी हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों में रहेगा असर:अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों के कुछ इलाकों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। इन इलाकों में बरते सावधानी डोईवाला, मसूरी, विकासनगर, चकराता, गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, हल्द्वानी, कोटद्वार, रानीखेत, मुनस्यारी और आसपास के क्षेत्रों में 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
जिला आपदा प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें। पेड़ों, बिजली के खंभों और कच्चे मकानों से दूर रहें। चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालु मौसम देखकर ही आगे बढ़ें। किसानों को फसल और पशुओं की सुरक्षा के उपाय करने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग ने बिजली कड़कने की चेतावनी दी है। खुले मैदान, ऊंचे पेड़ और मोबाइल टावर से दूर रहें। आपात स्थिति में 1077 या 112 पर संपर्क करें।

