
हरिद्वार:(चीफ एडिटर) भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने राष्ट्र सेवा के 62 वर्ष पूरे होने पर शनिवार को स्थापना दिवस एवं उत्कृष्टता उत्सव भव्यता के साथ मनाया। समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय भारी उद्योग व इस्पात राज्य मंत्री भूपतिराजु श्रीनिवास वर्मा ने कंपनी के प्रतिभावान कर्मचारियों को एक्सेल पुरस्कार प्रदान किए।इस कार्यक्रम में सचिव (इस्पात व भारी उद्योग) संदीप पौण्डरीक, अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार निगार फातिमा हुसैन, संयुक्त सचिव विजय मित्तल, बीएचईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के. सदाशिव मूर्ति, निदेशकगण, मुख्य सतर्कता अधिकारी, पूर्व सीएमडी व पूर्व निदेशक सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 1964 में स्थापना के बाद से बीएचईएल की यात्रा दृढ़ता, इंजीनियरिंग उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की मिसाल है। देश की स्थापित ताप विद्युत क्षमता में आधे से अधिक हिस्सेदारी बीएचईएल निर्मित सेटों की है। कंपनी प्रधानमंत्री के ‘आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत’ के विजन को साकार करने में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने एक्सेल पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी।इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री और सचिव ने बीएचईएल की विभिन्न इकाइयों की 25 टीमों के 131 कर्मचारियों को एक्सेल पुरस्कार दिए। इनमें उत्कृष्टता पुरस्कार, उत्कृष्ट तकनीकी प्रकाशन पुरस्कार, अनुसंधान पुरस्कार, ग्राहक संतुष्टि पुरस्कार, उत्पादकता पुरस्कार, पर्यावरण पुरस्कार और समाज सेवा पुरस्कार शामिल थे। प्रत्येक टीम सदस्य को प्रमाण पत्र, पदक व प्रशस्ति पत्र और प्रत्येक टीम को नकद पुरस्कार दिया गया।सचिव संदीप पौण्डरीक ने कहा कि मजबूत ऑर्डर बुक ग्राहकों के विश्वास को दर्शाती है, लेकिन यह निष्पादन की चुनौती भी है। उन्होंने कंपनी से विनिर्माण उत्कृष्टता, व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य अनुसंधान एवं विकास और प्रभावी ज्ञान हस्तांतरण पर ध्यान देने का आह्वान किया।
इससे पूर्व सीएमडी के. सदाशिव मूर्ति ने बताया कि मजबूत ऑर्डर बुक के बल पर कंपनी ने उत्साहजनक प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी बीएचईएल की सबसे बड़ी ताकत हैं और एक्सेल पुरस्कार उन कर्मियों को सम्मानित करते हैं, जिनके कार्य से लागत व साइकिल टाइम में कमी, मैटीरियल की बचत और गुणवत्ता में सुधार हुआ।समारोह में बीएचईएल कर्मचारियों व उनके बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

