
हरिद्वार:(चीफ एडिटर) राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) को लगातार तीसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित ‘राजभाषा कीर्ति पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। वर्ष 2025-26 के कीर्ति पुरस्कारों के अंतर्गत बीएचईएल ने ‘क’ क्षेत्र में स्थित सार्वजनिक उपक्रमों की श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया।यह सम्मान 14 सितंबर 2026 को नवी मुंबई, महाराष्ट्र में आयोजित हिंदी दिवस समारोह एवं छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया। समारोह में बीएचईएल के निदेशक (पावर) एवं अतिरिक्त प्रभार (मानव संसाधन) तजिंदर गुप्ता ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार से पुरस्कार प्राप्त किया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय भी मंच पर उपस्थित रहे।
राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से प्रदान किया जाने वाला ‘राजभाषा कीर्ति पुरस्कार’ राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए दिए जाने वाले प्रमुख राष्ट्रीय सम्मानों में शामिल है। बीएचईएल को हिंदी के प्रभावी प्रयोग, राजभाषा के कार्यान्वयन और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रोत्साहन के लिए यह सम्मान मिला है।उल्लेखनीय है कि बीएचईएल को इससे पहले वर्ष 2023-24 और 2024-25 में भी राजभाषा कीर्ति पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। लगातार तीसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त करना बीएचईएल के राजभाषा के प्रति निरंतर प्रयासों और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

