Site icon Bhagwa Sanatan Times

बादलों के बढ़ते खतरे पर प्रशासन सतर्क, देहरादून में ऑरेंज अलर्ट के बीच हाई अलर्ट घोषित

देहरादून:(जीशान मलिक) भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 5 और 6 अगस्त के लिए देहरादून जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रखते हुए आपदा प्रबंधन संबंधी सभी व्यवस्थाओं को सक्रिय कर दिया गया है।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऑरेंज अलर्ट की अवधि के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर पूर्ण रोक रहेगी। साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया जाएगा, ताकि खराब मौसम के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

प्रशासन ने सभी विभागीय अधिकारियों, आपदा प्रबंधन से जुड़े नोडल अधिकारियों तथा संबंधित एजेंसियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आपदा अथवा दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के साथ ही विभागों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित करने को कहा गया है।लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि यदि किसी भी स्थान पर सड़क मार्ग बाधित होता है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल सुचारु कराया जाए। वहीं नगर निकायों को नालियों और कल्वर्टों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

राजस्व उपनिरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सभी थाना एवं चौकियों को आपदा राहत उपकरणों और वायरलेस संचार व्यवस्था के साथ पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मोबाइल फोन हर समय चालू रखने तथा बरसाती, टॉर्च, हेलमेट सहित आवश्यक उपकरण अपने वाहनों में उपलब्ध रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि यदि किसी क्षेत्र में लोग फंसते हैं तो उन्हें तत्काल खाद्य सामग्री, पेयजल एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 7534820006, 0135-2720000, 0135-2620006 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर दें।

Exit mobile version