
देहरादून:(जीशान मलिक) उत्तराखंड में मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रदेश में तैनात SDRF की सभी टीमों की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी ने कंपनी प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की।बैठक में सेनानायक ने प्रदेशभर में तैनात टीमों से उनके क्षेत्रों में मौसम की वर्तमान स्थिति और आपदा से निपटने की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी टीमें आवश्यक उपकरणों और सुरक्षा संसाधनों के साथ पूरी तरह तैयार रहें। किसी भी आपातकालीन सूचना या रेस्क्यू कॉल पर टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो और राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर देरी न हो।
सेनानायक ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। नदियों, गदेरों, नालों, संवेदनशील ढलानों और अन्य संभावित आपदा प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने के साथ ही स्थानीय लोगों को भी मौसम की स्थिति और संभावित खतरों के प्रति जागरूक करने को कहा गया।उन्होंने सभी टीम प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों से मौसम और परिस्थितियों की लगातार जानकारी SDRF कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराते रहें, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बैठक में रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जवानों की व्यक्तिगत सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया। सेनानायक ने सभी टीमों को लाइफ जैकेट, हेलमेट, रोप रेस्क्यू उपकरण समेत अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता और कार्यशीलता जांचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जवान अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए ही रेस्क्यू अभियान संचालित करें।SDRF उत्तराखंड की सभी टीमें मौसम विभाग के अलर्ट के मद्देनजर प्रदेशभर में लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। विभाग ने किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रेस्क्यू एवं राहत कार्यों के लिए अपनी टीमों को पूरी तरह तैयार रखा है।

