Site icon Bhagwa Sanatan Times

नूतन न्याय संहिता पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ

हरिद्वार:(ज़ीशान मलिक)गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को हरिद्वार के बैरागी कैम्प में उत्तराखंड सरकार द्वारा “नूतन न्याय संहिता” पर आयोजित राज्यस्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी भारत सरकार द्वारा लागू किए गए भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन और जनजागरूकता के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।

इस प्रदर्शनी में न्याय संहिताओं की प्रमुख विशेषताओं को सरल, दृश्य और इंटरैक्टिव माध्यमों से प्रस्तुत किया गया है, जिसमें समयबद्ध जांच, जीरो एफआईआर, ई-एफआईआर, अनिवार्य फॉरेंसिक जांच, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल साक्ष्यों की वैधता, और महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों के लिए सशक्त प्रावधान शामिल हैं।

उत्तराखंड देश में भारतीय न्याय संहिता जैसे नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में पहले स्थान पर है, और यह प्रदर्शनी 9 मार्च तक जारी रहेगी।

“विकास गाथा की प्रदर्शनी…

अमित शाह ने उत्तराखंड सरकार की विकास परख उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया, जिसमें राज्य सरकार द्वारा बीते चार वर्षों में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों को प्रदर्शित किया गया है। इसमें बुनियादी ढाँचे का विकास, सड़क एवं संपर्क मार्गों का सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, शिक्षा क्षेत्र में सुधार, निवेश प्रोत्साहन, पर्यटन विकास, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा सीमांत क्षेत्रों के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को प्रमुखता से दर्शाया गया है।

Exit mobile version