
हरिद्वार:(जीशान मलिक) खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर नवरात्र पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया।वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में टीम ने चंडीघाट, श्यामपुर, कोंड़ी, गैंडीखाता तथा लालढांग स्थित किराना दुकानों और रिटेल स्टोरों का निरीक्षण किया।
अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि मौके से कुट्टू आटे के 2 तथा व्रत में प्रयोग होने वाले काले नमक का 1 नमूना, कुल 3 नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए हैं।जांच के दौरान काला नमक निर्माता कंपनी द्वारा पैकेट पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित न करने तथा सप्लायर द्वारा बिक्री बिल के प्रावधानों का पालन न करने पर नोटिस जारी किया गया। वहीं एक कुट्टू आटा निर्माता कंपनी द्वारा लेबल पर भ्रामक हेल्थ क्लेम करने पर भी नोटिस दिया गया।
टीम को कहीं भी खुला कुट्टू आटा बिकता हुआ नहीं मिला। विभाग ने सभी कारोबारियों को चेतावनी दी है कि बिना निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि वाले कुट्टू आटे व अन्य फलाहारी पदार्थों की बिक्री करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

