पिरान कलियर:(जीशान मलिक)थाना पिरान कलियर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए नाबालिग बच्चों के साथ बर्बरता करने वाले दो आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों ने कोल्ड ड्रिंक चोरी के आरोप में 4 नाबालिग बच्चों को बंधक बनाकर लाठी-डंडों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी थी।
“जाने क्या है पूरा मामला ?
पुलिस को व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राम दरियापुर में 4 बच्चों के साथ मारपीट का एक वीडियो प्राप्त हुआ था। वीडियो में दो व्यक्ति बच्चों को लाठी-डंडों से पीटते हुए दिखाई दे रहे थे। मामले को गंभीरता से देखते हुए थाना पिरान कलियर पुलिस ने तत्काल वीडियो की तस्दीक कराई।
पुलिस जांच में सामने आया कि ग्राम दरियापुर निवासी मेघराज व महावीर पुत्रगण रामप्रसाद ने 4 नाबालिग बच्चों पर कोल्ड ड्रिंक चोरी का आरोप लगाया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने बच्चों को गलत तरीके से बंधक बनाकर उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। आरोपियों ने बच्चों को गालियां दीं, मारने की धमकी दी और उनके साथ क्रूरतापूर्ण व्यवहार किया।
प्रभारी निरीक्षक दिव्येश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आज दिनांक 21.06.2026 को थाना पिरान कलियर में मु0अ0सं0-130/2026 पंजीकृत किया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 127, 352, 351(2) तथा किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) 2015 की धारा-75 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि नाबालिग बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
“पुलिस टीम में शामिल रहे”
1. दिव्येश उपाध्याय, प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी/प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कलियर।
2. उ0नि0 शहजाद अली, कोतवाली पिरान कलियर।
3. हे0का0 आनंद सिंह, कोतवाली पिरान कलियर ।

