पिरान कलियर:(ज़ीशान मलिक)पिरान कलियर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम मेहवड़कला में सोमवार की शाम बाग में पानी देने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल अवस्था में युवक को चिकित्सकीय परीक्षण के बाद रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मेहवड़कला निवासी मुजम्मिल ने थाना पिरान कलियर में दी गई तहरीर में बताया कि उसका भाई मुर्सलीन सोमवार की शाम लगभग 6:30 बजे कलियर के पास अपने बाग में पानी दे रहा था। इसी दौरान कलियर निवासी असलम पुत्र हसन अली उर्फ रिड़का एवं उसके पिता हसन अली उर्फ रिड़का वहां पहुंचे और बिना किसी बात के गाली-गलौच करने लगे।
जब मुर्सलीन ने गाली देने से मना किया तो दोनों ने मिलकर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में मुर्सलीन के सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी मौके से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घायल मुर्सलीन को परिजनों द्वारा तत्काल थाना ले जाया गया, जहां पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण करवाकर गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया।पीड़ित पक्ष की ओर से आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।

