Site icon Bhagwa Sanatan Times

जिला कारागार रोशनाबाद में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित

हरिद्वार:(चीफ एडिटर)माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तराखण्ड, नैनीताल के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार नरेन्द्र दत्त के आदेशानुसार आज विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जिला कारागार रोशनाबाद में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सचिव/सिविल जज (सीनियर डिवीजन), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार, सिमरनजीत कौर उपस्थित रहीं। इस अवसर पर कारागार में निरुद्ध एन.डी.पी.एस. एक्ट के बंदियों तथा एकलब्य बैरिक के बंदियों द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बंदियों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से कैंसर मुक्त समाज का संदेश  दिया।

इस आयोजित शिविर के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। जिला कारागार के चिकित्साधिकारी डॉ. कमल कुमार गर्ग ने कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों, इसके संभावित घातक प्रभावों तथा बचाव के वैज्ञानिक उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। मुख्य फार्मासिस्ट राकेश चंद्र गैरोला ने बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग को दिनचर्या में शामिल करने और संतुलित व पौष्टिक आहार अपनाने की सलाह दी।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में बंदियों को नशे से दूर रहने की प्रेरणा देते हुए उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया और आवश्यक कानूनी परामर्श प्रदान किया। चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बंदियों को प्रोत्साहन स्वरूप बैग, पानी की बोतलें एवं मग वितरित किए गए। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु डिप्टी जेलर प्रमोद कुमार दानू, डॉ. कमल कुमार गर्ग एवं राकेश गैरोला को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर डिप्टी एल.ए.डी.सी. रमन कुमार सैनी, असिस्टेंट एल.ए.डी.सी. आदिल अली, जेल पी.एल.वी. सहित लगभग 250 बंदी उपस्थित रहे।

Exit mobile version