हरिद्वार/रूड़की:(ज़ीशान मलिक)भारतीय किसान यूनियन एकता के राष्ट्रीय अध्यक्ष फरमान त्यागी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को एसपी देहात को ज्ञापन सौंपते हुए चार प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग की। संगठन ने ज्ञापन में हरिद्वार पुलिस द्वारा की जा रही कुछ कार्रवाइयों को अनुचित बताते हुए उन पर रोक लगाने की मांग की है।
ज्ञापन में उठाई गई मुख्य मांगें इस प्रकार हैं:
1. ऑपरेशन लगाम के तहत नेम प्लेट हटाने की कार्रवाई रोकी जाए
संगठन का कहना है कि पुलिस द्वारा ऑपरेशन लगाम के तहत जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें अराजनैतिक संगठनों के पदाधिकारियों की नेम प्लेट जबरन हटाकर चालान किए जा रहे हैं। संगठन ने इसे अनुचित बताते हुए तुरंत रोक लगाने की मांग की।
2. किसानों-मजदूरों के वाहनों पर चालान की कार्रवाई पर रोक लगे
ग्रामीण क्षेत्रों में किसान व मजदूर कृषि कार्य हेतु खाद-बीज आदि लाने के लिए मोटरसाइकिल व अन्य निजी वाहनों का प्रयोग करते हैं। पुलिस द्वारा इनके भी चालान काटे जा रहे हैं, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन ने इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
3. कलियर क्षेत्र में खुलेआम चल रहे सट्टा-जुए पर हो सख्त कार्रवाई
ज्ञापन में कहा गया कि कलियर स्थित साबिर साहब की दरगाह के पास, पहाड़ी गेट व पानी की टंकी के आस-पास खुलेआम सट्टा व जुआ खेला जा रहा है। संगठन ने इस पर तत्काल प्रभाव से पुलिस कार्रवाई की मांग की।
4. मिट्टी ढुलाई कर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर चालान बंद हों
किसान अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी ढुलाई जैसे कार्य करते हैं, लेकिन पुलिस उन पर भी चालान कर रही है। संगठन ने इस कार्रवाई को अनुचित बताते हुए इसे भी तुरंत बंद करने की मांग की है।
फरमान त्यागी ने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो संगठन आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए विवश होगा।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष फरमान त्यागी,राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मो. इमरान राजपुत,जिला अध्यक्ष हरिद्वार सोनू त्यागी,आरटीआई सेल के अध्यक्ष जिशान अली, सचिन टोडा, तहसील अध्यक्ष जावेद अली, खालिक त्यागी, राव अरशद,नाजिम अली आदि पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्ता मौजूद रहे

