Site icon Bhagwa Sanatan Times

‘चार युग’ ने मोहा मन: श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में 30वाँ वार्षिकोत्सव उत्साह के साथ मनाया गया

हरिद्वार:(चीफ एडिटर)श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर, हरिद्वार में शनिवार को विद्यालय का 30वाँ वार्षिकोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। इसमें ‘चार युग’ की प्रस्तुति ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच भरपूर सराहना पाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा (प्राचार्य, एस.एम. जे.एन.पी.जी. कॉलेज एवं सदस्य, उत्तराखंड राज्य उच्च शिक्षा परिषद), महामंडलेश्वर पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन स्वामी शिवानंद आचार्य, स्वामी ब्रह्मानंद (रामकृष्ण मिशन), एवं प्रधानाचार्य सचिन जोशी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।अतिथियों ने प्रतिभाशाली छात्रों को पुरस्कृत कर सम्मानित भी किया।

प्रो. डॉ. बत्रा ने अपने संबोधन में कहा,“शिक्षित और संस्कारिक होकर ही अपने लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।”उन्होंने श्री गुरु राम राय मिशन द्वारा शिक्षा, चिकित्सा एवं सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।

महन्त देवेंद्र दास महाराज की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे भारतीय संस्कृति और मूल्यों को जीवित रखते हुए युवाओं में संस्कारों की अलख जगा रहे हैं, जिससे भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में अग्रसर है।

उन्होंने स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायक जीवन का उदाहरण देते हुए युवाओं से देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि नन्हे-मुन्ने बच्चों का आत्मविश्वास और वरिष्ठ विद्यार्थियों की कला दर्शनीय व प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी छात्रों एवं शिक्षकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और इसे “हमारी संस्कृति और संस्कारों की सुंदर झलक” बताया।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी शिवानन्द जी महाराज एवं कृष्णमूर्ति जी ने भी छात्रों को आशीर्वाद प्रदान किया और अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु उन्हें संस्कारित करने की अपील की।

वार्षिकोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास, सांस्कृतिक विविधता और प्रेरणादायक संदेशों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Exit mobile version