हरिद्वार में एस.एम.जे.एन. कॉलेज ने आयोजित किया टीबी मुक्त भारत अभियान-3.0 कार्यक्रम
हरिद्वार, 27 मई 2025,भगवा सनातन टाइम्स
एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज, हरिद्वार में आज आन्तरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) द्वारा ‘प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान-3.0’ के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं माँ मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महन्त रविन्द्र पुरी महाराज ने की।
इस अवसर पर महन्त रविन्द्र पुरी महाराज एवं कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने मिलकर क्षय रोगियों को नि-क्षय पोष्टिक फूड किट वितरित किए। महन्त रविन्द्र पुरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ‘निक्षय मित्र योजना’ के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और टीबी मुक्त भारत अब एक साकार लक्ष्य बनता जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हरिद्वार डॉ. आर. के. सिंह ने बताया कि पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी, माँ मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट और एसएमजेएन पीजी कॉलेज के संयुक्त सहयोग से 200 पोष्टिक किटों का वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि महन्त रविन्द्र पुरी महाराज द्वारा बड़ी संख्या में क्षय रोगियों को गोद लिया जाना इस कॉलेज की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है।
डॉ. सिंह ने निक्षय मित्र योजना की महत्ता को रेखांकित करते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत क्षय रोगियों को पोषण, नैदानिक और व्यवसायिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने आमजन एवं अन्य सामाजिक संगठनों से भी टीबी उन्मूलन अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
जिला टीबी अधिकारी डॉ. अनिल कुमार वर्मा एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अनिल नेगी ने भी टीबी रोग से निपटने के लिए समय पर उपचार और जागरूकता को जरूरी बताया। उन्होंने ‘टीबी आरोग्य साथी ऐप’ को सभी मोबाइल उपयोगकर्ताओं द्वारा डाउनलोड करने की सलाह दी ताकि रोग और इलाज की संपूर्ण जानकारी सुलभ हो सके।
प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने क्षय रोगियों को गोद लेने से मिलने वाले भावनात्मक और सामाजिक सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इससे रोगियों को मानसिक बल मिलता है। उन्होंने ‘टीबी चैंपियन’ सोनी का उदाहरण देते हुए छात्रों को प्रेरणा लेने को कहा और कार्यक्रम में सहयोग के लिए डॉ. मोहम्मद सलीम का विशेष आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन आन्तरिक गुणवत्ता प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने किया। उन्होंने सभी से क्षय रोगियों को पौष्टिक आहार और सहयोग प्रदान करने की अपील की।
इस अवसर पर डॉ. मोहम्मद सलीम, अवनीश कुमार, सौरभ कुमार, दिनेश पंत, शादाब सिद्दीकी, सचिन कुमार, प्रो. जे.सी. आर्य, डॉ. सुषमा नयाल, प्रो. विनय थपलियाल, वैभव बत्रा, रेड क्रॉस महाविद्यालय नोडल अधिकारी डॉ. मनोज सोही, कविता छाबड़ा, रिंकल गोयल, डॉ. लता शर्मा, डॉ. आशा शर्मा, डॉ. मोना शर्मा, डॉ. रेनू सिंह, डॉ. सरोज शर्मा, डॉ. पूर्णिमा सुन्दरियाल, प्रिंस श्रोत्रिय, विनीत सक्सेना, डॉ. पुनीता शर्मा, गौरव बंसल, अर्शिका वर्मा, कु. वंदना सिंह सहित अनेक शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
