Site icon Bhagwa Sanatan Times

चमोली:विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी, 957 बैलेट यूनिट और 1125 कंट्रोल यूनिट की जांच पूरी

चमोली:(जीशान मलिक) विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिले में ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) तेजी से चल रही है।गोपेश्वर के विकास भवन के सामने स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के इंजीनियर जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में जांच कर रहे हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहकर प्रक्रिया देख रहे हैं।जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि आयोग के निर्देश पर केवल एफएलसी में पास मशीनों का ही चुनाव में उपयोग होगा। पारदर्शिता और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। वेयरहाउस में केवल अधिकृत लोगों को ही प्रवेश दिया जा रहा है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश ने बताया कि जिले के 633 मतदान केंद्रों के लिए 1130 बैलेट यूनिट, 1250 कंट्रोल यूनिट और 1294 वीवीपैट की जांच होनी है। इसमें से 150 कंट्रोल यूनिट पौड़ी को भेजी गई हैं। 30 अक्टूबर तक 957 बैलेट यूनिट, 1125 कंट्रोल यूनिट और 1118 वीवीपैट की जांच पूरी हो चुकी है।एफएलसी के बाद 1 और 2 नवंबर को राजनीतिक दलों की मौजूदगी में मॉकपोल होगा। कुल मशीनों में से 5 प्रतिशत मशीनें रेंडम चुनी जाएंगी। इसमें 1 प्रतिशत मशीनों पर 1200 वोट, 2 प्रतिशत पर 1000 वोट और 2 प्रतिशत पर 500 वोट डालकर परीक्षण किया जाएगा।

जांच हॉल में मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित है। जिलाधिकारी ने सभी दलों से अपील की है कि अपने प्रतिनिधियों को एफएलसी और मॉकपोल में भेजें, ताकि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।

Exit mobile version