Site icon Bhagwa Sanatan Times

विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी में जुटा प्रशासन, डीएम ने ली तैयारियों की समीक्षा

चंपावत:(जीशान मलिक) आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई।बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन से लेकर कार्मिक, ईवीएम-वीवीपैट, वाहन और सुरक्षा व्यवस्था तक की सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पी-3 श्रेणी के मतदान केंद्रों के निरीक्षण और सभी बूथों पर पहुंच मार्ग, बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप सहित मूलभूत सुविधाओं की जांच कर कमियों को समय रहते दूर करने को कहा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिव्यांग और 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की सुविधा पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। उन्होंने दिव्यांग मतदाताओं की मैपिंग, 85+ और दिव्यांग मतदाताओं का विवरण अपडेट करने और आयोग के निर्देशानुसार पात्र मतदाताओं के लिए होम वोटिंग की तैयारियां समय से पूरी करने को कहा। साथ ही स्वीप प्लान तैयार कर युवा, महिला, दिव्यांग, वरिष्ठ और दूरस्थ क्षेत्रों के मतदाताओं तक मतदान का संदेश पहुंचाने को कहा।बैठक में ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच, वल्नरेबिलिटी मैपिंग, कानून व्यवस्था और निर्वाचन व्यय निगरानी की भी समीक्षा की गई। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों का समय से आकलन कर निरोधात्मक कार्रवाई और व्यय की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों की प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए।

इसके अलावा हल्के-भारी वाहनों की उपलब्धता, सुरक्षा बलों के आवागमन और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के ठहरने की व्यवस्था की समीक्षा की गई। सुरक्षा बलों के लिए आवास, पेयजल, बिजली और स्वच्छता वाली जगहों का चिन्हीकरण करने को कहा गया।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, एपीडी विम्मी जोशी, उप जिलाधिकारी बी.सी. पंत, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version