
हरिद्वार/बहादराबाद:(जीशान मलिक) प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लाभार्थियों का चयन पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष हो, इस उद्देश्य से विकासखंड बहादराबाद की ग्राम पंचायत गढ में एक विशेष खुली बैठक का आयोजन किया गया।इस आयोजित बैठक की अध्यक्षता ग्राम विकास अधिकारी अनुज चौहान ने की। इस दौरान ग्राम प्रधान जावेद हसन, पूर्व उप प्रधान मौ. नफीस, पंचायत सदस्य नाजरीन, राव मुजीब, राजकुमार, सुमित जरावरे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
इस आयोजित बैठक में PMAY-G की संभावित पात्र लाभार्थियों की सूची का सार्वजनिक वाचन किया गया। ग्राम विकास अधिकारी अनुज चौहान ने बताया कि सूची को पहले ही पंचायत भवन के सूचना पट्ट पर चस्पा कर दिया गया था, ताकि ग्रामीण तय समय में आपत्ति या सुझाव दे सकें।खुली चर्चा में ग्रामीणों और अधिकारियों ने सभी आपत्तियों को गंभीरता से सुना और मौके पर ही जांच कर निस्तारण किया। अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और बेघर परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। इसलिए केवल वास्तविक पात्रों को ही लाभ दिया जाएगा।
बैठक में कई ऐसे परिवार भी सामने आए जिनके कच्चे और जर्जर मकान हैं। अधिकारियों ने उनके प्रार्थना पत्र लेकर नियमानुसार जांच कर पात्र पाए जाने पर सूची में शामिल करने का आश्वासन दिया।ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा अपनाई गई पारदर्शी प्रक्रिया की सराहना की।

