
पौड़ी:(जीशान मलिक) विकासखंड कल्जीखाल की ग्राम पंचायत डांगी में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए पंचायत भवन में बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर ग्राम पंचायत प्रशासक अब हर माह की 5 तारीख को पंचायत भवन में बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे।इस आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल एवं संशोधन, किसान पेंशन, सोलर लाइट, स्वच्छता के तहत झाड़ियों की कटाई, जंगली जानवरों से सुरक्षा तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के रिक्त पदों को भरने सहित विभिन्न समस्याएं और मांगें रखीं। इनमें जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं अन्य पंचायत संबंधी कार्यों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
प्रशासक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वह हर माह की 5 तारीख को पंचायत भवन में नियमित रूप से उपस्थित रहेंगे। इससे ग्रामीणों को छोटे-बड़े कार्यों के लिए ब्लॉक मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समाधान हो सकेगा।उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत डांगी में प्रधान पद रिक्त होने के कारण पंचायत का कार्यभार प्रशासक के रूप में सहायक विकास अधिकारी पंचायत अरुण रावत को सौंपा गया है। यहां ओबीसी महिला आरक्षित वर्ग के अंतर्गत प्रधान पद रिक्त चल रहा है।जिलाधिकारी ने बताया कि जनता दर्शन कार्यक्रम में डांगी में प्रधान पद रिक्त होने और ग्रामीणों को आ रही समस्याओं के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। इसी पर एडीओ पंचायत को प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्राप्त शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी तथा अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी रजनीश सुंदरियाल, पूर्व प्रधान भगवान सिंह चौहान, वीर सिंह चौहान, वन पंचायत सरपंच मीना देवी, दमयंती देवी, कांति देवी, पुष्पा देवी, ग्राम पंचायत सदस्य वृंदा रावत सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

