Site icon Bhagwa Sanatan Times

एक के बाद एक हादसों से कांपा रहमतपुर, मौतों के सिलसिले ने बढ़ाई ग्रामीणों की चिंता

पिरान कलियर:(जीशान मलिक)पिरान कलियर क्षेत्र के ग्राम रहमतपुर में पिछले करीब आठ दिनों से लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। महज आठ दिनों के भीतर हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं रविवार दोपहर एक बार फिर गांव के लोगों के सड़क हादसे का शिकार होने से ग्रामीणों में दहशत और चिंता का माहौल है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद गांव में हर तरफ हादसों और सुरक्षा को लेकर चर्चा हो रही है।

मिली जानकारी के अनुसार बताया गया कि 21 अगस्त की रात रहमतपुर के लिए बेहद दर्दनाक साबित हुई। सड़क हादसे में गांव निवासी राजू उम्र पुत्र कदम सिंह और राजीव उम्र पुत्र मोल्हड़ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते खुशी का माहौल मातम में बदल गया। दोनों युवकों की मौत की खबर ने ग्रामीणों को गहरे सदमे में डाल दिया।

अभी ग्रामीण और मृतकों के परिजन इस दर्दनाक घटना से उबर भी नहीं पाए थे कि 29 अगस्त की सुबह एक और हादसे ने गांव को हिला दिया। इस दुर्घटना में रहमतपुर निवासी प्रभात पुत्र कालू की मौत हो गई। लगातार कुछ ही दिनों के अंतराल में हुई इन घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल और गहरा गया।

वहीं 30 अगस्त की दोपहर एक बार फिर रहमतपुर निवासी सड़क हादसे की चपेट में आ गए। हादसे में आलम अंसारी पुत्र रिसायत को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। हालांकि उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है, लेकिन लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

ग्रामीणों का कहना है कि एक के बाद एक हो रहे हादसों के कारण गांव के लोगों में डर का माहौल है। कुछ ही दिनों में तीन लोगों की जान चले जाने से हर परिवार चिंतित है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कराने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने और सड़क सुरक्षा के जरूरी इंतजाम कराने की मांग की है।लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच ग्रामीण अब यही सवाल उठा रहे हैं कि आखिर सड़क हादसों के इस सिलसिले पर कब रोक लगेगी। रहमतपुर में इस समय हर नई दुर्घटना की खबर लोगों के बीच भय और चिंता पैदा कर रही है।

Exit mobile version