पिरान कलियर:(जीशान मलिक) पिरान कलियर से लौट रहे युवकों के लिए रविवार की रात जिंदगी की आखिरी रात साबित हुई। क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइकों की जोरदार भिड़ंत के बाद तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। एक साथ तीन मौतों की खबर से मृतकों के गांवों में मातम पसर गया।जानकारी के मुताबिक पिरान कलियर से लौट रहे युवक अलग-अलग बाइकों पर सवार थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में अयान (18) पुत्र शहजाद निवासी बिझोली, राजू (24) पुत्र कदम सिंह निवासी रहमतपुर और राजीव (18) पुत्र मोल्हड़ सिंह निवासी रहमतपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आदित्य चंद्रा (24) पुत्र सुरेंद्र चंद्रा निवासी खंजरपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने आदित्य चंद्रा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना जैसे ही मृतकों के परिजनों को मिली, वे बदहवास हालत में अस्पताल पहुंच गए। अपनों के शव देखकर परिजनों की चीख-पुकार से अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया। एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से बिझोली और रहमतपुर गांव में मातम छा गया।पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसा किस वजह से हुआ और इसमें किस स्तर पर लापरवाही रही, इसकी भी जांच की जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

