Breaking
18 Oct 2026, Sun

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2027 – देहरादून में 123 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित, तीन केंद्र संवेदनशील घोषित 

देहरादून:(जीशान मलिक) उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए देहरादून जनपद में 123 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 24,518 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।जानकारी के अनुसार हाईस्कूल में कुल 13,576 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 13,472 संस्थागत और 104 व्यक्तिगत परीक्षार्थी हैं। वहीं इंटरमीडिएट में 10,942 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 10,684 संस्थागत और 258 व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल हैं।बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दूरस्थ क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया जाए और भौगोलिक परिस्थितियों के आधार पर विद्यार्थियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए।

“तीन संवेदनशील केंद्र चिह्नित…

बोर्ड परीक्षा के लिए जनपद में तीन केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जबकि कोई भी केंद्र अति संवेदनशील श्रेणी में नहीं है। संवेदनशील केंद्रों में ऋषिकेश का श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, रायपुर का डीएवी इंटर कॉलेज करनपुर और चकराता का राजकीय इंटर कॉलेज भटाड़ शामिल हैं। परीक्षार्थियों की अधिक संख्या और केंद्र तक पहुंच मार्ग की दूरी को संवेदनशीलता का आधार माना गया है।

“छह विकासखंडों में केंद्र निर्धारित…

रायपुर विकासखंड में हाईस्कूल के 36 और इंटरमीडिएट के 35, डोईवाला में 30-30, सहसपुर में 15 और 14, विकासनगर में 21 और 19, कालसी में 8-8 और चकराता में 13 और 11 केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं।इसके अलावा ऐसे सात विद्यालय जहां परीक्षार्थियों की संख्या 60 के मानक से कम है, वहां भी विषम भौगोलिक परिस्थितियों और आवागमन की कठिनाइयों को देखते हुए परीक्षा केंद्र बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को परेशानी न हो।

बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविन्द राम जैसवाल, खंड शिक्षा अधिकारी विनिता कठैत, हेमलता गौढ़, भुवनेश्वर प्रसाद, बुशरा, शिवानी कौशल, कुन्दन सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *