Site icon Bhagwa Sanatan Times

उत्तराखंड पुलिस को मिला राष्ट्रपति पुलिस निशान, देश का 16वां राज्य बना उत्तराखंड

देहरादून:(जीशान मलिक) केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित समारोह में उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस निशान से अलंकृत किया। इस सम्मान के साथ उत्तराखंड यह निशान पाने वाला देश का 16वां राज्य बन गया है। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।गृह मंत्री ने पुलिस परेड का निरीक्षण किया और पुलिस बल की 25 वर्षों की सेवा, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सेवानिवृत्त आईजी नारायण सिंह नपलच्याल और मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव तथा सराहनीय सेवा पदक से एसपी जगदीश चंद्र, सहायक सेनानायक प्रतिमा भट्ट और सेवानिवृत्त उप निरीक्षक शौकार पुण्डीर को सम्मानित किया। गृह मंत्री और मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस के विशेष डाक आवरण और पुलिस पत्रिका का विमोचन भी किया।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह प्रदेश के हर पुलिस अधिकारी और जवान के लिए गौरव का क्षण है। उत्तराखंड पुलिस ने सेवा भाव, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से अपनी अलग पहचान बनाई है। चारधाम यात्रा और कुंभ जैसे बड़े आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था का सफल संचालन पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे जवान पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस ने तीन नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय काम किया है। मई 2027 के बाद दर्ज एफआईआर के मामलों में तीन साल के भीतर दोषियों को सजा दिलाने का लक्ष्य है। इसके लिए पुलिस, न्यायालय और अभियोजन को डिजिटल माध्यम से जोड़ा जा रहा है।गृह मंत्री ने कर्तव्य के दौरान बलिदान देने वाले 206 वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि 13 हजार जवानों से शुरू हुई उत्तराखंड पुलिस आज 26 हजार से अधिक जवानों तक पहुंच चुकी है। विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों में 37 पदक जीतने पर भी उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस निशान उत्तराखंड पुलिस के साहस और जनसेवा को मिली राष्ट्रीय मान्यता है। राज्य गठन के समय पुलिस में 13 हजार जवान, 96 थाने और 42 चौकियां थीं। आज 26 हजार से अधिक पुलिसकर्मी सेवा में हैं। पुलिस में महिलाओं की भागीदारी करीब 14 प्रतिशत तक पहुंच गई है।मुख्यमंत्री ने बताया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान में पिछले चार साल में 7 हजार से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 307 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किए गए। साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर बनाया जा रहा है।

डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस निशान हमारी गौरवशाली विरासत, वर्तमान दायित्व और भविष्य के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हिमालय की दुर्गम परिस्थितियों, आपदाओं और लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के बीच पुलिस पूरी तत्परता से काम कर रही है। उन्होंने ‘कर्म, सत्यं, शौर्यं’ के ध्येय वाक्य के साथ सेवा का संकल्प दोहराया।समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, तीरथ सिंह रावत, डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Exit mobile version