Site icon Bhagwa Sanatan Times

अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर ‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ अभियान का आगाज

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की ओर से बुधवार को ‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ अभियान के तहत जनपद में विभिन्न विधिक जागरूकता और युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का आयोजन उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार नरेंद्र दत्त के आदेश पर विभिन्न विभागों के समन्वय से किया गया।

अभियान के तहत जीआरपी मुख्यालय रानीपुर में उत्तराखंड पुलिस के प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों के साथ सचिव/सिविल जज (सीनियर डिविजन) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार सिमरनजीत कौर ने युवा संवाद किया। इस दौरान नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 के विभिन्न कानूनी पहलुओं की प्रश्नोत्तर के माध्यम से जानकारी दी गई। डिप्टी एलएडीसी रमण कुमार सैनी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों तथा पात्र लोगों को मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी। साथ ही नालसा जागृति योजना के तहत टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी बताया गया।इसी क्रम में नेहरू युवा केंद्र, रानीपुर मोड़ स्थित परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्थापित विधिक सहायता हेल्प डेस्क का शुभारंभ सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अध्यक्ष नेहरू युवा केंद्र पदम प्रकाश शर्मा ने फीता काटकर किया। युवाओं को संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों, मूल कर्तव्यों तथा साइबर अपराध से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। नेहरू युवा केंद्र के सचिव सुखबीर सिंह ने कहा कि हेल्प डेस्क स्थापित होने से युवाओं और आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता तथा विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। हेल्प डेस्क पर अधिवक्ता और पीएलवी की ड्यूटी भी निर्धारित की गई है।

जेल समीक्षा दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं डिप्टी डिफेंस काउंसिल ने जिला कारागार हरिद्वार का साप्ताहिक दौरा किया। मुलाकाती परिसर में स्थापित विधिक सहायता डेस्क पर बंदियों के परिजनों की समस्याएं सुनी गईं और उन्हें आवश्यक कानूनी सलाह दी गई। इसके अलावा 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के बंदियों के लिए निर्धारित एकलव्य बैरक में युवा संवाद आयोजित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया। इस दौरान पॉक्सो एक्ट और बंदियों के कानूनी अधिकारों के संबंध में भी जानकारी दी गई।अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस की थीम ‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ के तहत शाम चार बजे डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन हरिद्वार के सभागार में युवा अधिवक्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नरेंद्र दत्त ने की। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने नालसा जागृति योजना-2025 की जानकारी युवा अधिवक्ताओं को दी। इस दौरान छह युवा अधिवक्ताओं ने अपने विचार रखे।

वरिष्ठ अधिवक्ताओं विजय कुमार शर्मा, राकेश कुमार गुप्ता, अनुज कुमार शर्मा और तनवीर भारती ने भी युवा अधिवक्ताओं के साथ अपने अनुभव साझा किए और उन्हें विधि के क्षेत्र में निरंतर अध्ययन व मेहनत के लिए प्रेरित किया। जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने कहा कि युवा देश के भविष्य और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उन्होंने भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव और चंद्रशेखर आजाद जैसे युवा क्रांतिकारियों के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने युवा अधिवक्ताओं से कानूनी पुस्तकों का नियमित अध्ययन करने और अपने ज्ञान को लगातार बढ़ाने की अपील की।कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जसमहेंद्र सिंह, सचिव विपिन द्विवेदी, उपाध्यक्ष मीनाक्षी कपिल सहित बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी, युवा अधिवक्ता और वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे। अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित करने में बार एसोसिएशन से सहयोग की अपेक्षा की गई।

Exit mobile version