किसानों को मिली योजनाओं की विस्तृत जानकारी, उन्नत खेती के लिए किया गया प्रेरित
मुरादाबाद आलम अंसारी/जुनैद खान, भगवा सनातन टाइम्स
03 जुलाई 2025 जिलाधिकारी मुरादाबाद की अध्यक्षता में कृषि विभाग द्वारा पंचायत भवन, कम्पनी बाग में खरीफ उत्पादकता गोष्ठी, किसान मेला एवं “नेशनल मिशन ऑन एडिबिल ऑयल सीड्स (एनएमईओ-ओएस)” योजनान्तर्गत तिलहन मेला/प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्षा डॉ. शैफाली सिंह चौहान ने फीता काटकर, दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया।
इस अवसर पर अध्यक्षा द्वारा विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया गया। कार्यक्रम में कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के अंतर्गत किसान जयकार सिंह को ट्रैक्टर की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई, जिसमें 4 लाख रुपए तक का अनुदान दिया गया।
उप कृषि निदेशक संतोष कुमार द्विवेदी ने विभिन्न सरकारी कृषि योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला और बताया कि एसएमएएम योजना एवं इन-सीटू सीआरएम योजना के तहत ऑनलाइन बुकिंग 12 जुलाई 2025 तक चल रही है। इसके अलावा, त्वरित मक्का विकास योजना के अंतर्गत संकर मक्का बीज पर 2080 रुपए प्रति एकड़ अनुदान दिया जा रहा है।
प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, पराली प्रबंधन और फसल चक्र को लेकर किसानों को जागरूक किया गया। किसानों से दलहनी, तिलहनी और श्री अन्न (ज्वार, बाजरा, कोदो, रागी आदि) जैसी फसलों को बढ़ावा देने की अपील की गई।
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों, जैसे कि डॉ. विश्वेन्द्र, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. राजेश कुमार, और डॉ. अय्यूब ने फसलों की देखरेख, कीट-रोग नियंत्रण, पशुपालन और मोती की खेती पर जानकारी दी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील दत्त प्रजापति ने पशुपालन योजनाओं पर चर्चा की।
किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश उपाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह ने गन्ना भुगतान, बिजली समस्याओं और आवारा पशुओं से जुड़ी किसान समस्याओं को मंच से उठाया। प्रगतिशील किसान राजेश कुमार ने बताया कि उनके मौन पालन व्यवसाय का टर्नओवर 52 लाख रुपये तक पहुंच गया है, जिसे इस वर्ष ₹1 करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
प्रशांत कुमार (उप कृषि निदेशक, कृषि रक्षा) ने कीट-रोग प्रबंधन, उर्वरक उपयोग और फसल चक्र अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सिंचाई, भूमि संरक्षण, नाबार्ड, मत्स्य एवं गन्ना विभाग सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। संचालन अरुण मोहन सांख्यधर ने किया। कार्यक्रम में भारी संख्या में किसान उपस्थित रहे, जिन्होंने योजनाओं की जानकारी पाकर संतोष जताया।

